गतिविधि आधारित विज्ञान शिक्षण>कीलों को संतुलित करना


भूमिका  हम सभी लोहे की कीलों से भलीभांति परिचित है । परंतु इस प्रयोग में हम कील का उपयोग दीवार में लगाने के लिये नहीं बल्कि लोगों को आश्चर्यचकित करने के लिये करेंगे । आइये देखें कि एक कील के ऊपर कीलों का पूरा ढाँचा कैसे खडा हो सकता है ।

 

आवश्यक सामग्री  2 से 3 इंच लंबी 15 एक समान कीलें

 

प्रयोगविधि 

 

1. एक कील को किसी लकडी के गुटके या किसी ढक्कन पर इस तरह लगा लें कि वह सीधी खडी रहे और उसका माथा ऊपर रहे । इसे हम स्टैंड कहेगें ।

2. अब अपने मित्रों से कहें कि बची हुई सभी 14 कीलों को स्टैंड पर की कील के ऊपर टिकायें । इतनी सारी कीलों को एक छोटी सी जगह पर टिकाने में सबके पसीने छूट जायेंगे । पर आप यह काम करके दिखाइये ।

3. एक कील को जमीन पर इस प्रकार रखें कि उसका माथा आपकी ओर हो । इसे हम आधार कील कह    सकते हैं । 

4. अब बची हुई कीलों में से 12 को आधार कील के ऊपर क्रमश: बांयी और दांयी ओर इस प्रकार रखें कि सभी कीलों के माथे आधार कील की ओर रहे । आधार कील के ऊपर दांयी कील का माथा, फिर बांयी कील का माथा, फिर दांयी कील का माथा, क्रमश: 12 या 14  कीलें  इसी तरह लगा लें ।

5. अब आखिरी कील को आधार कील के ऊपर टोपियों के बीच बने हुये खांचे पर इस तरह रखें कि उसका नोंक वाला सिरा आधार कील के माथे वाले सिरे की तरफ रहे । सभी 12 कीलें, ऊपर तथा नीचे वाली कील के बीच आ जायेंगी ।

6. ऊपर वाली कील और आधार कील दोनो को आपस में दबाते हुये दोनो हाथों से पकडें और उन्हें उठाकर स्टैंड में लगी कील पर आधार कील के मध्य में  सावधानीपूर्वक टिका दें और हाथ अलग कर दें । दोनो ओर कीलों के नुकीले भाग नीचे को झुक जाते हैं एवं उनकी टोपियां आपस में फंस जाती है । आधार कील पर टिका हुआ कीलों का संपूर्ण ढाँचा स्टैंड में गडी हुई मात्र एक कील पर खडा रहता है । है ना आश्चर्य !

 

विवेचना  इस खेल में गुरुत्व केंद्र का सिद्धांत कार्य करता है । इस सिद्धांत के अनुसार मुख्य कील के दोनो ओर झुकी हुयी कीलों के भार के कारण संपूर्ण ढांचे का भार टिकान बिन्दु के नीचे कार्य करने लगता है । इस प्रकार ढांचा आराम से खडा रहता है । आप धीरे से एक तरफ की कीलों को नीचे दबा कर छोड दें । पूरा का पूरा ढाँचा हिलता डुलता रहेगा पर कीलें गिरेगी नहीं ।

 

कुछ और करें व सोचें  आप चाहें तो सावधानी से संतुलन बिन्दु के दोनो तरफ सिरों के पास से एक एक करके कुछ कील निकाल सकते हैं । देखिये संतुलन की अवस्था को बिगाडे बिना आप कितनी कीलें निकाल सकते हैं ।